हरबर्टपुर। नगर पालिका के वार्ड नंबर सात में कई माह से पीने के पानी की पाइपलाइन लीक होने से पानी सड़कों पर बह रहा है। गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत के बीच इस बर्बादी से स्थानीय निवासियों में रोष है।
वार्ड के निवासी हरीश रोहिल्ला, जनार्दन जोशी, अनुज अग्रवाल, मंगल, रवि और कृष्णा ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर कई बार विभाग को शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद पाइपलाइन की लीक ठीक नहीं की गई है। उनका कहना है कि पाइपलाइन में लीक के कारण अब घरों में पानी का दबाव भी कम हो गया है। यह समस्या पिछले कई माह से बनी हुई है, जिससे निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे दैनिक जरूरतों के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
जलकल अभियंता जयपाल सिंह चौहान ने स्वीकार किया वार्ड नंबर सात में पाइपलाइन टूटने से पानी के रिसाव की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने आश्वासन दिया लीक को जल्द ही ठीक कर पानी की बरबादी रोकी जाएगी।