सामाजिक संगठन धाद इस वर्ष भी ‘फूलदेई’ को रचनात्मक अभियान के रूप में मनाएगा। 14 मार्च से 14 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान में 500 स्कूलों के 10 हजार बच्चों को जोड़ा जाएगा। फूलदेई माह में वॉल पेटिंग, नाट्य प्रतियोगिता, बाल कवि सम्मेलन समेत कई आयोजन होंगे।
फूलदेई 2020 के संयोजक गणेश चंद्र उनियाल ने बताया कि फूलदेई त्योहार बच्चों का पर्व है, जिसे धाद ने रचनात्मकता से जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि कहानी, कविता, चित्रकला प्रतियोगिताओं में छात्र हिस्सा लेंगे। इसका प्रदर्शन समापन कार्यक्रम में किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में अव्वल स्थान हासिल करने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। एक कोना कक्षा का अभियान के तहत इस वर्ष 500 स्कूलों को नए सत्र के लिए किताबें भेंट की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि शनिवार 14 मार्च को मंगला देवी इंटर कॉलेज में वॉल पेंटिंग के साथ अभियान की शुरुआत होगी। पहले तीन स्थानों पर रहने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। 21 मार्च को उच्च माध्यमिक विद्यालय गल्जवाड़ी में रंग धरती कार्यक्रम में 10 हजार छात्रों की लेखन व चित्रकला प्रतियोगिता होगी।
चार अप्रैल को बाल कवि सम्मेलन और 11 अप्रैल को चलो सैर करें के तहत बच्चों को विज्ञान धाम की सैर कराई जाएगी। 14 अप्रैल को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें 500 विद्यालयों को किताबें भेंट की जाएगी। कार्यक्रम में सार्वजनिक शिक्षा के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।