नगर कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने राजपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के मैनेजर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि मैनेजर ने उससे 17 हजार रुपये भी लिए और फिर वापस नहीं किए। तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली के इंस्पेक्टर विद्याभूषण नेगी के अनुसार युवती ने तहरीर देकर बताया कि वह राजपुर रोड के एक पेट्रोल पंप में सेल्स पर्सन के पद पर काम करती थी। यहां वह पेट्रोल पंप के मैनेजर हर्ष चौधरी निवासी हापुड विविनगर धमेड़ा से मिली। आरोप है कि हर्ष ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे। आरोप है कि इसी दौरान हर्ष ने युवती से शारीरिक संबंध बनाए। वह उसे अपने घर गाजियाबाद भी लेकर गया। कहा कि वहां उससे कोर्ट मैरिज करेगा। लेकिन, वहां भी उसने शादी नहीं की और युवती से 17 हजार रुपये भी ले लिए। इसके बाद उसने न तो पैसे वापस किए और न ही शादी करने को तैयार हो रहा है।