देहरादून। शहर कोतवाली पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से बिजली की तारें चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी शिवा राठौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बिजली की तारों के आठ बंडल भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मण चौक स्थित नेशनल रोड निवासी प्रदीप दुग्गल ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके निर्माणाधीन मकान से अज्ञात चोर बिजली की तारें चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 10 जून को आरोपी शिवा राठौर उर्फ शिब्बू को गिरफ्तार कर लिया। शहर कोतवाली प्रभारी हरिओम राज चौहान ने बताया कि आरोपी के पास से चोरी की गई बिजली की तारों के आठ बंडल बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने निर्माणाधीन मकान से बिजली की तारें चोरी की थीं।