छह दिसंबर को भूठ गांव में राजकीय हाईस्कूल के एक कमरे में मृत मिले तीन युवकों के विसरा की फोरेंसिक जांच के लिए पुलिस को न्यायालय से अनुमति मिल गई है। टीम विसरा को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट से मौत के स्पष्ट कारण का काफी हद तक पता चल पाएगा। हालांकि राजस्व और नियमित पुलिस दोनों ने ही जांच में दम घुटने को मौत का कारण बताया था। मृतक प्रकाश और संदीप के पिता केवलराम ने उनकी हत्या की आशंका जताई थी, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
डिरनाड गांव निवासी प्रकाश, संजय और पट्यूड गांव निवासी संदीप की मौत की जांच के लिए आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने मंगलवार को एसआईटी के गठन का आदेश दिया था। एसपी देहात विकासनगर टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। तीनों मृतकों की पत्नियों ने डीआईजी से देहरादून में मुलाकात भी की थी। मौत के कारण का पता लगाने के लिए विसरा की जांच बहुत जरूरी है। त्यूणी थाना पुलिस की ओर से मृतकों के विसरा की फोरेंसिंक जांच के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट चकराता की अदालत में अनुमति के लिए प्रार्थनापत्र दिया गया था। एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि न्यायालय से विसरा की जांच की अनुमित मिल गई है। मृतकों के विसरा को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला पंडितवाड़ी भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही टीम घटनास्थल का मुआयना करेगी।