लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी में शुक्रवार को जनजातीय भारत महोत्सव और 130वें ट्राइब्स इंडिया के शोरूम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने किया। उन्होंने कहा कि इस शोरूम में जनजातीय क्षेत्रों के उत्पाद लोगों को आसानी से मिल सकेंगे। कार्यक्रम में पोचमपल्ली के बुनकरों द्वारा पारंपरिक बुनाई शैली में तैयार जैकेट भी लॉन्च की।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि जीआई टैग उत्पादों के प्रचार, भारत की परंपराओं, कलाओं और शिल्पों को बाजार में लाने का अवसर प्रदान करेगा। प्रशासन हमेशा इन उत्पादों को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। कहा कि शोरूम में आंध्रप्रदेश की अरक्कू कॉफी और आदिवासियों द्वारा बनाए गए जैविक कुकीज लोगों को आसानी मिल सकेंगे।
महोत्सव को लेकर उन्होंने कहा कि यह अपनी तरह का पहला आयोजन है, जिसमें कई आदिवासी कारीगर और जीआई अधिकृत विक्रेता अपने उत्पादों को अपने क्षेत्र में प्रदर्शित कर सकते हैं। कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए बढ़ता कदम है। ट्राइफेड के प्रबंध निदेशक प्रवीर कृष्ण ने कहा कि ट्राइफेड आदिवासी विकास के लिए रणनीति बना रहा है।
अकादमी के निदेशक डॉ. संजीव चोपड़ा ने कहा यह पहली बार है कि देशभर के जीआई टैग उत्पादों के साथ इस तरह की प्रदर्शनी का आयोजन एलबीएस अकादमी में किया गया है। प्रधानमंत्री के सलाहकार भास्कर खुल्बे ने इस कहा कि इस तरह की पहल निश्चित रूप से आदिवासी कारीगरों को एक व्यापक बाजार देकर सशक्त बनाएगी।