I
I
I
I-मादक पदार्थ के साथ पहली बार पकड़े जाने पर लगेगा 11 हजार का जुर्मानाI
नशे के खिलाफ जौनसार बावर जनजातीय क्षेत्र के लोग मुखर होने लगे हैं। रविवार को ग्राम पंचायत मंझगांव क्वानू में बैठक आयोजित की गई। इसमें नशामुक्ति समिति का गठन किया गया। लोगों ने निर्णय लिया कि प्रत्येक परिवार से एक व्यक्ति समिति का सदस्य होगा। क्षेत्र में किसी भी प्रकार का मादक पदार्थ रखने, खरीदने और बेचने पर जुर्माना लगेगा। स्याणा, प्रधान, जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य भी समिति का हिस्सा होंगे।
गांव में किसी भी प्रकार के नशे की बिक्री पर प्रतिबंध होगा। किसी भी दुकान और होटल में नशे से संबंधित सामग्री नहीं बेची जा सकेगी। गांव की सीमा में जुआ और ताश खेलने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। होटल और दुकानों में बर्थडे पार्टी पर भी रोक लगाई गई है। किसी भी प्रकार का मादक पदार्थ रखने, बेचने और खरीदने पर पहली बार में 11 हजार और दूसरी बार में 51 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। इस मौके पर प्रधान दिन्नू वर्मा, जिला पंचायत सदस्य सूर्य प्रताप चौहान, मोहन लाल जोशी, टीकम चौहान, महेंद्र चौहान, कुंवर सिंह मौजूद रहे।
नशा करते पकड़े जाने पर लगेगा 20 हजार का जुर्माना
चकराता। ग्राम पंचायत मेहरावना में नशे के खिलाफ स्याणा टीकाराम जोशी की अध्यक्षता में बैठक हुई। लोगों ने निर्णय लिया कि कोई भी व्यक्ति नशा करते हुए पकड़ा जाएगा तो उसपर 20 हजार का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। गांव में कच्ची शराब बेचने और खरीदने पर दोनों पक्षों से पांच-पांच हजार का जुर्माना वसूला जाएगा। गांव में फेरीवालों पर पूर्ण प्रतिबंध होगा। इनसे सामान खरीदने वालों पर 2500 रुपये का जुर्माना लगेगा। जुआ खेलने पर एक हजार का जुर्माना लगेगा। इस मौक पर दाताराम जोशी, बारू दत्त, सचिन जोशी, बृजेश जोशी आदि मौजूद रहे।
Iनशा खरीदने और बेचने वालों पर लगेगा 5100 का जुर्मानाI
ग्रामसभा कोटा क्वानू में स्याणा अतर सिंह चौहान की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें बढ़ते नशे पर चिंता जताई गई। लोगों ने आपसी सहमति से गांव में मादक पदार्थों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया। कहा कि नशा बेचने वालों पर 5100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इस मौके पर सरदार सिंह, मुन्ना सिंह राणा, राजेंद्र चौहान, रूप सिंह आदि मौजूद रहे।