दुल्हन देखने गए एक परिवार के चार लोग संदिग्ध परिस्थिति में गायब हो गए। एक परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों के गायब होने के मामले में पुलिस ने जीरो अपराध संख्या पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर विवेचना यूपी भेज दी है।
जिस कार से ये लोग रुद्रपुर गए थे, वह यूपी के विलासपुर (रामपुर) इलाके में लावारिस अवस्था में खड़ी मिली थी। यह रहस्य बरकरार है कि कार सवार चारों लोग कहां गए। परिजन तो अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। प्रेमनगर के श्यामपुर निवासी राजेंद्र जोशी उर्फ राजू अपनी मां कमला और बेटे के साथ अपने लिए दुल्हन देखने चार दिन पहले (28 नवंबर) रुद्रपुर गए थे।
पहली पत्नी से उसका तलाक हो गया था, लेकिन बेटा उसके साथ ही रहा। राजेंद्र ने कार चलाने के लिए चालक को हायर किया था। तीन दिन पहले उनकी कार यूपी के रामपुर जिले के विलासपुर इलाके में लावारिस मिली तो हड़कंप मच गया।
उस दिन से ही परिजन अनहोनी की आशंका जताकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग कर रहे थे। उनके गायब होने के पीछे की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है। एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेकर प्रेमनगर थाने में जीरो अपराध संख्या पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना यूपी स्थानांतरित कर दी गई है। पुलिस अपने स्तर से कारणों की जांच पड़ताल में जुटी है।
मोटर साइकिल समेत गायब
प्रेमनगर के श्यामपुर गांव से एक और युवक रहस्यमय ढंग से गायब हो गया है। 30 नवंबर की सुबह नौ बजे रामवेन्द्र कुमार (42) मोटरसाइकिल से किसी काम से गया था, लेकिन वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कर ली है।