उत्तराखंड में 1431 सहायक अध्यापकों एलटी का प्रवक्ता के पद पर पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया।
सहायक अध्यापकों की एसीआर (वार्षिक गोपनीय आख्या) और वरिष्ठता की जांच के बाद मंगलवार को शासन ने सामान्य शाखा के 1188 और महिला शाखा के 243 प्रवक्ता पदों पर पदोन्नति के लिए लोक सेवा आयोग को अधियाचन भेज दिया है।
प्रदेश में एलटी से प्रवक्ता के पदों पर पदोन्नति के लिए पिछले एक साल से प्रक्रिया चल रही थी। शिक्षकों की सीआर नहीं मिलने से पदोन्नति का मामला लटका था। इससे शिक्षकों में नाराजगी थी।
शिक्षकों का कहना है कि एलटी के पद पर 18 से 20 साल की सेवा के बावजूद उनका प्रमोशन नहीं हो पाया है। यदि सीआर नहीं मिल रही है तो इसके लिए शिक्षक नहीं विभागीय अधिकारी जिम्मेदार हैं।
1995 और इससे पहले के हैं कुछ शिक्षक
एलटी के कुछ शिक्षक वर्ष 1995 और इससे पहले के हैं, जो लोक सेवा आयोेग में अधियाचन से अब जल्द ही प्रमोशन पा सकेंगे। शासन से लोक सेवा आयोग में अधियाचन के बाद अयोग में डीपीसी होगी और पदोन्नति सूची जारी हो जाएगी।
प्रदेश में सामान्य शाखा के 1188 एवं महिला शाखा में 243 प्रवक्ता पद पर पदोन्नति के लिए शासन ने लोक सेवा आयोग में अधियाचन किया है। संभावना है कि जल्द ही आयोग से प्रमोशन सूची जारी कर दी जाएगी।
- डी सेंथिल पांडियन, शिक्षा सचिव माध्यमिक शिक्षा