धीमी वोटिंग के चलते भीमावाला में बनाए गए पोलिंग बूथ के बाहर बैठे लोग।
- फोटो : VIKAS NAGAR
पंचायत घर भीमावाला में बने पोलिंग बूथ पर धीमी गति से चल रहे मतदान पर लोगों ने खासा रोष जताया। मौके पर सेक्टर मजिस्ट्रेट को बुलाकर मामले की शिकायत की गई। सेक्टर मजिस्ट्रेट के निर्देश के बाद कर्मचारियों ने मतदान में थोड़ी तेजी दिखाई, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति पूर्व की तरह हो गई।
इससे मतदान के लिए लाइन में लगे वोटरों में चुनाव कर्मियों के प्रति खासा रोष नजर आया। यहां बने पोलिंग बूथ पर सुबह 11 बजे तक करीब 720 वोटरों में से 120 वोटर ही अपने मतदान का इस्तेमाल कर सके थे। जबकि, पोलिंग बूथ के बाहर लोगों की खासा लाइन लगी हुई थी। मतदान के लिए लगी लंबी लाइन के चलते कई लोग मतदान केंद्र के बाहर ही रास्ते में बैठकर अपनी बारी का इंतजार करने लगे। स्थानीय निवासी गुलेशर, अमजद, कादिर, जितेंद्र ने कहा कि वह अपने रोजमर्रा के काम छोड़कर सुबह आठ बजे मतदान के लिए केंद्र पर पहुंच गए थे, लेकिन सुबह 11 बजे तक भी मतदान के लिए उनका नंबर नहीं आ सका।
मौके पर पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट से भी उन्होंने मामले की शिकायत की बावजूद पोलिंग में तेजी नहीं आ सकी। साथ ही पोलिंग बूथ पर धूप से बचने के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं की गई थी।