राजकीय जिला कोरोनेशन अस्पताल में बुधवार को एक्सरे मशीन खराब हो गई। इससे मरीजों और गर्भवतियों को एक्सरे के लिए भटकना पड़ा। अस्पताल प्रशासन ने दावा किया है गुरुवार को मशीन ठीक कर दी जाएगी।
इसके चलते जांच नहीं हो पा रही है। वहीं, राजकीय गांधी शताब्दी अस्पताल से भी डॉक्टरों ने रोज की तरह गर्भवती महिलाओं को एक्सरे जांच के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा। गांधी शताब्दी से आधा किलोमीटर दूर कोरोनेशन अस्पताल जाने के बाद उन्हें भी बैरंग लौटना पड़ा। एक्सरे मशीन खराब होने से दोनों अस्पतालों में पहुंचे मरीजों खासकर महिलाओं व बुजुर्गों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
बता दें कि गांधी शताब्दी में गर्भवती महिलाओं को ईसीजी के लिए भी कोरोनेशन अस्पताल के चक्कर काटने पड़ते हैं। गत 28 फरवरी को एकमात्र टैक्निशियन के सेवानिवृत्त होने के बाद से आपात स्थिति में भी वहां अस्पताल में कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है।
वहीं, राजकीय जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज उप्रेती ने बताया कि सुबह के वक्त कोरोनेशन अस्पताल में एक्सरे जांच हुई। बाद में मशीन खराब होने से जांच नहीं हो पाई। उन्होंने दावा किया बृहस्पतिवार से जांच फिर से शुरू हो जाएगी।