हरिद्वार में पतंजलि विवि से लापता हुई नई दिल्ली निवासी बीए प्रथम वर्ष की छात्रा को सिर्फ अपने बालिग होने का इंतजार था।
14 नवंबर को छात्रा की आयु 18 साल हुई तो उसने 21 नवंबर को विवि के हॉस्टल से जाकर अपने प्रेमी के साथ नई दिल्ली के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली।
छात्रा ने 23 नवंबर को शादी के प्रमाणपत्र और वहां के थाने में दर्ज शिकायत की कापी हॉस्टल वार्डन को भेजकर मामले की जानकारी दी है।
शादी का प्रमाणपत्र फैक्स किया
21 नवंबर को पतंजलि विवि से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई छात्रा काजल पुत्री विनोद कुमार, निवासी दिल्ली के मामले में नया मोड़ आ गया है।
छात्रा ने हॉस्टल की वार्डन को 23 नवंबर को अपनी शादी के प्रमाणपत्र और पुलिस को दी गई शिकायत की प्रति फैक्स से भेजी।
महिला छात्रावास की अधीक्षक प्रज्ञा ने बहादराबाद थाने को इसकी सूचना दी। जिसमें बताया गया है कि काजल अपनी मर्जी से हॉस्टल से गई थी और आर्य समाज मंदिर यमुनाघाट, निकट प्राचीन महर्षि वाल्मीकि मंदिर, रिंग रोड, मजनूं का टीला, नई दिल्ली में 21 नवंबर को बलजीत सिंह पुत्र मनवीर सिंह, निवासी 31-ए गीतांजलि पार्क, वेस्ट सागरपुर, नई दिल्ली के साथ शादी कर ली।
काजल ने पुलिस से मांगी सुरक्षा
काजल ने थानाध्यक्ष सागरपुर, दिल्ली को हस्तलिखित पत्र दिया है। जिसमें काजल ने अपनी मर्जी से बिना किसी दबाव से बलजीत सिंह के साथ शादी की बात स्वीकार करते हुए बताया कि मैं बालिग हूं। मेरी जन्मतिथि 14 नवंबर 1995 है।
परिवार वाले शादी के खिलाफ
मुझे शक है कि इस मामले में मेरे माता-पिता बलजीत और उसके माता-पिता के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कर सकते हैं। उनके साथ मारपीट भी की जा सकती है।
मेरे परिवार वाले मेरी शादी के खिलाफ हैं। काजल ने पुलिस से जानमाल की हानि बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। उसने अपना नाम पते के साथ काजल पत्नी बलजीत सिंह लिखते हुए हस्ताक्षर किए हैं।