जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के 31 अक्तूबर को हरिद्वार दौरे के चलते तैयारियां तेज हो गई हैं।गुरुकुल कांगड़ी विवि में नमामि गंगे योजनाओं के एमओयू साइन होंगे। फिर पतंजलि में इसी परियोजना के तहत स्लज आदि के उपयोग के लिए एमओयू साइन होंगे
हरिद्वार और ऋषिकेश के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से निकलने वाली स्लज और कंपोस्ट को पतंजलि और गुरुकुल कांगड़ी खरीदेंगे। इसके अलावा पतंजलि की ओर से नमामि गंगे के तहत ऑर्गेनिक फार्मिंग योजना शुरू की जाएगी। इन योजनाओं के एमओयू साइन करने के लिए जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत 31 अक्तूबर को हरिद्वार आएंगे।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को पेयजल निगम के एमडी उदयराज सिंह ने हरिद्वार में मंत्री के आगमन के मद्देनजर सभी तैयारियों का जायजा लिया। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने बताया कि 31 को चंडीघाट से सीसीआर टॉवर तक रन फॉर यूनिटी का आयोजन होगा, जिसे जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत हरी झंडी दिखाएंगे।
इसके बाद गुरुकुल कांगड़ी विवि में नमामि गंगे योजनाओं के एमओयू साइन होंगे। फिर पतंजलि में इसी परियोजना के तहत स्लज आदि के उपयोग के लिए एमओयू साइन होंगे। गंगा के किनारे पतंजलि की ओर से गंगा अर्थ मॉडल के तौर पर ऑर्गेनिक फार्मिंग की भी शुरुआत होने जा रही है।
आपको बता दें कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में पानी के ट्रीटमेंट के बाद जो कचरा निकलता है, वह स्लज होता है। कई छोटे एसटीपी से निकलने वाले स्लज को कृषि विभाग की जांच के बाद किसानों को बतौर खाद उपयोग को दे दिया जाता है। हरिद्वार और ऋषिकेेश में बड़ी मात्रा में स्लज निकलता है।