फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारतीय सैन्य अकादमी में पासिंग आउट परेड, 383 जांबाज बने सेना का हिस्सा

Sat, 09 Jun 2018 09:00 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन

कदम-कदम बढ़ाए जा...की धुन पर कदमताल करते हुए भारतीय सैन्य अकादमी(आईएमए) से पासआउट होकर शनिवार को 383 युवा अधिकारी देश की सेना का हिस्सा बन गए। नेपाल के सेना प्रमुख जनरल राजेंद्र छेत्री ने परेड की सलामी लेने के बाद कैडेटों में जोश भरा। परेड में एकेडमिक कैडेट एडजुडेंट सचिन कुमार चाहर को आईएमए के सर्वोच्च स्वॉर्ड ऑफ ऑनर सम्मान से नवाजा गया।

विज्ञापन


शनिवार को आईएमए की ऐतिहासिक चेटवुड बिल्डिंग के सामने ड्रिल स्क्वायर पर कदमताल करते हुए 383 भारतीय और 74 मित्र राष्ट्रों के जेंटलमैन कैडेट्स ने अंतिम पग पार कर लिया। 142 रेगुलर, 125 टेक्निकल ग्रेजुएट और 25 यूनिवर्सिटी एंट्री स्कीम की परेड का बटालियन अंडर ऑफिसर आदित्य निखरा ने नेतृत्व किया। ड्रिल स्क्वायर पर कदमताल और अनुशासन की झलक देखकर सभी दर्शकों ने तालियों से हौसला बढ़ाया। नेपाल सेना प्रमुख जनरल राजेंद्र छेत्री ने परेड की सलामी ली। इसके बाद यंग ऑफिसर को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज आईएमए जैसे भारत के सबसे बड़े प्रशिक्षण संस्थान में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होना भारत के थलसेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत की नेपाल के प्रति सकारात्मक रिश्तों को दर्शाता है।

सात मित्र राष्ट्रों के 74 कैडेट्स

IMA

सेना प्रमुख जनरल रावत ने ही उन्हें आईएमए परेड का निमंत्रण भेजा था। उन्होंने आईएमए कमांडेंट ले.जन. एसके झा का भी शुक्रिया अदा किया। आज हम सबके लिए गर्व का विषय है कि हम उसकी पासिंग आउट परेड में हैं।

उन्होंने कैडेट्स को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें तकनीकी तौर पर और रणनीतिक तौर पर खुद को मजबूत बनाना होगा। यहां कोई रॉकेट साइंस नहीं होता है। शेयरिंग और केयरिंग को ध्यान में रखते हुए अपने देश की हिफाजत करनी है। परेड में मैकटिला कंपनी, थिमैय्या बटालियन को चैंपियन का खिताब दिया गया।

पासिंग आउट परेड में न केवल भारत बल्कि सात मित्र राष्ट्रों के भी 74 कैडेट्स पासआउट होकर अपने देश की सेना में अफसर बन गए। इनमें अफगानिस्तान के सबसे ज्यादा 45 कैडेट्स, भूटान के नौ कैडेट्स, ताजिकिस्तान के 13 कैडेट्स, किर्गिस्तान के एक, लेसोथो के तीन, नाइजीरिया के एक, तंजानिया के दो कैडेट्स शामिल हैं।

विज्ञापन

सर्वाधिक 63 कैडेट उत्तर प्रदेश से

IMA POP Parade - फोटो : ANI

भारतीय सैन्य अकादमी के ऐतिहासिक ड्रिल स्क्वायर पर कदमताल करने वालों में सर्वाधिक 63 कैडेट उत्तर प्रदेश के हैं। वहीं, उत्तराखंड के 33, हरियाणा के 49, बिहार के 35,पंजाब के 29, हिमाचल प्रदेश व महाराष्ट्र के 22-22, राजस्थान के 20, जम्मू-कश्मीर के 17, मध्य प्रदेश के 14, पश्चिम बंगाल के 12, तमिलनाडु के 09, कर्नाटक व झारखंड के 8-8, मणिपुर व दिल्ली के 7-7, केरल के 05, आंध्र प्रदेश के 03, तेलंगना व असम के चार-चार, उड़ीसा के तीन, मिजोरम व चंडीगढ़ के 2-2, गुजरात, छत्तीसगढ़, मेघालय, नागालैंड व त्रिपुरा के एक-एक कैडेट परेड का हिस्सा बने। विदेशी कैडेटों में अफगानिस्तान के सर्वाधिक 45, तजाकिस्तान के 13, भूटान के 09, लेसोथो के तीन, तंजानिया के 2, नाइजीरिया व किर्गिस्तान के एक-एक कैडेट शामिल हुए। 

इन्हें मिले मेडल
स्वॉर्ड ऑफ ऑनर : एकेडमिक कैडेट एडजुडेंट सचिन कुमार चाहर
गोल्ड मेडल : बटालियन अंडर ऑफिसर आदित्य निखरा
सिल्वर मेडल : बटालियन अंडर ऑफिसर आतीश सहगल
ब्रांज मेडल : सीनियर अंडर ऑफिसर कुलदीप नानासाहेब पवार
टीजीसी सिल्वर मेडल : जूनियर अंडर आफिसर रोहित दिलीप पटवर्धन
फॉरेन जीसी सिल्वर मेडल : सीनियर अंडर आफिसर बुखोरी सैय्यदुलोव
चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बैनर : मैकटिला कंपनी, थिमैय्या बटालियन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें