पिथौरागढ़ जिले के शैलावन (पांखू) के मूल निवासी 34 वर्षीय प्रवेंद्र सिंह कार्की उर्फ पप्पू कार्की, लाल सिंह कालोनी बिठौरिया में परिवार के साथ रहते थे। वह हल्द्वानी से करीब 102 किलोमीटर दूर गौनियारौ गांव में युवा महोत्सव-2018 में शामिल होने गए थे।
शनिवार की सुबह चार बजे वह कार से बीटेक के छात्र पुष्कर गौनिया (23), गौनियारो निवासी स्नातक के छात्र राजेंद्र उर्फ राजू गौनिया (24), छड़ायल निवासी जुगल किशोर पंत (24) और रामनगर चोरपानी निवासी अजय आर्या (27) के साथ लौट रहे थे। कार पुष्कर गौनिया (23) चला रहा था।
हैड़ाखान मार्ग पर मुरकुडिया इंटर कॉलेज के पास सुबह करीब सात बजे कार अचानक अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़कर पलटते हुए करीब 500 फीट नीचे सड़क पर जा गिरी। कार के परखचे उड़ गए।
सूचना पर राजस्व पुलिस और काठगोदाम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। राजस्व पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को कार से निकाला। कार चला रहे पुष्कर का सिर धड़ से अलग होकर करीब 600 फीट नीचे गौला नदी के किनारे जा गिरा था।
कार में सवार पप्पू कार्की और राजेंद्र गौनिया की भी मौत हो चुकी है। पुलिस ने 108 नंबर एंबुलेंस की मदद से कलकार जुगल किशोर पंत और अजय आर्या को इलाज के लिए भोटिया पड़ाव स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
जुगल किशोर के सीने और अजय के पैर में काफी चोट लगी है। पुष्कर आम्रपाली में बीटेक और राजेंद्र एमबीपीजी कालेज में स्नातक का छात्र था।