पर्वतीय क्षेत्रों से अब सड़कों के साथ रोपवे कनेक्टिविटी की मांग हो रही है। पहाड़ के विधायकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने क्षेत्रों में रोपवे बनाए जाने के लिए प्रस्ताव भेजे हैं। शासन को ऐसे चार प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। धनोल्टी के विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने मुख्यमंत्री को अपनी विधानसभा क्षेत्र में कराए जाने वाले विकास कार्यों के जो 10 प्रस्ताव भेजे हैं, उनमें एक प्रस्ताव भवान से धनोल्टी के बीच रोपवे निर्माण का है।
देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी के भेजे गए प्रस्ताव में से एक चंद्रबदनी मंदिर को रोपवे से जोड़ने की मांग का है। प्रतापनगर के विधायक विक्रम सिंह नेगी के प्रस्तावों में नागराजा सेममुखेम को रोपवे की मांग शामिल है। यमकेश्वर की विधायक रेनू बिष्ट ने द्वारीखाल में भैरवगढ़ी मंदिर को रोपवे से जोड़ने की मांग की है। विधायकों के सभी प्रस्ताव मुख्यमंत्री घोषणा प्रकोष्ठ को भेजे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री घोषणा प्रकोष्ठ इन प्रस्तावों की मॉनिटरिंग करेगा।