सात लाख से अधिक छात्रों ने किया कार्यक्रम के लिए पंजीकरण
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को देशभर के छात्रों से करेंगे सीधा संवाद
विद्यालयों में कार्यक्रम का हो सीधा प्रसारण
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। प्रदेश के सभी स्कूल परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस विशेष कार्यक्रम का सभी विद्यालयों में डिजिटल माध्यम से प्रसारण किया जाएगा। यह कहना है शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का। शिक्षा मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की तैयारी को लेकर विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि छह फरवरी को प्रधानमंत्री ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के 9वें संस्करण के माध्यम से देशभर के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों से सीधे संवाद करेंगे। इस विशेष कार्यक्रम के जरिये प्रधानमंत्री छात्रों को न सिर्फ तनाव मुक्त परीक्षाओं का मंत्र देंगे बल्कि उन्हें चुनौतियों से पार पाने, संतुलन बनाए रखने और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए व्यावहारिक सुझाव भी देंगे। कार्यक्रम का प्रसारण सभी स्कूलों में किए जाने के लिए सभी सीईओ को निर्देश दिए गए हैं। ताकि कक्षा छह से लेकर कक्षा 12 तक के सभी छात्र-छात्राएं, अभिभावक व शिक्षक प्रधानमंत्री के संवाद को देख व सुन सके। डाॅ. रावत ने कार्यक्रम का प्रसारण टीवी के अलावा एजुसेट व इंटरनेट एक्सेस डिवाइस पर भी देखने की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।