विश्व रैकिंग नंबर वन पर काबिज उत्तराखंड पैरा शटलर मनोज सरकार को अर्जुन अवार्ड देने की सिफारिश की गई है। सोमवार को जस्टिस इंदरमीत कौर कोछर की कमेटी की ओर से खेल मंत्रालय को की गई इस सिफारिश में मनोज के अलावा 19 और खिलाड़ी शामिल हैं।
रुद्रपुर के रहने वाले मनोज सरकार अर्जुन अवार्ड के लिए नाम की सिफारिश होने का पता चलते ही पिता को याद करके भावुक हो गए। उनके पिता मंनिदर सरकार का पिछले साल निधन हो गया था। मनोज कहते हैं कि उनका सपना था कि वह अवार्ड लेने पापा के साथ जाएं। लेकिन, शायद भगवान को यह मंजूर नहीं था। मनोज ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से अर्जुन अवार्ड के लिए आवेदन भेज रहा था, तीन साल बाद उनके आवेदन पर कमेटी ने गौर करते हुए खेल मंत्रालय से अवार्ड देने की सिफारिश की है। यह मेरे साथ पूरे उत्तराखंड के लिए सम्मान की बात है।
बकौल मनोज इस सम्मान के असली हकदार कोच गौरव खन्ना हैं, जो दिन रात मेरे खेल को बेहतर बनाने के लिए मेहनत कर रहे हैं। वर्तमान में मनोज सरकार उनकी ही देखरेख में छह अक्तूबर से जकार्ता में होने वाले एशियन पैरा गेम्स की तैयारियों में लगे हैं। मनोज अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 10 गोल्ड समेत 28 पदक, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर 18 गोल्ड समेत 24 पदक अपने नाम किए हैं। वित्तीय मदद के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि पिछले साल उत्तराखंड सरकार ने उनकी उपलब्धियों को देखते हुए वित्तीय मदद का भरोसा दिया था लेकिन पिछले दो खेल दिवस से उन्हें याद नहीं किया गया। गोस्पोर्ट्स फाउंडेशन उन्हें वित्तीय मदद कर रही है।