शासन में तैनात दो महिला अफसरों के बीच सोमवार को कहासुनी हो गई। मसला यह है कि एक महिला अफसर के पति भी सचिवालय में तैनात थे।
उनके पति के कार्यकाल के दौरान के कुछ मामलों पर जांच शुरू होने की चर्चा है। हकीकत जाने के लिए महिला अफसर संबंधित विभाग की अफसर से मिलने पहुंची। दोनों के बीच पहले तो चर्चा हुई, लेकिन कुछ देर के बाद मामला गरमा गया।
बंद कमरों के बाहर कान गड़ाये बैठे लोगों को तो मौका हाथ लगा। उनकी मानें तो पति की पैरवी को पहुंची अफसर को लगा कि दूसरी महिला अफसर उनकी बात पर गौर नहीं फरमा रहीं।
नियमों का हवाला देकर उनके पति को फंसाया जा रहा है। जबकि, असल बात यह है कि सरकार के आदेश पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है। यह बात महिला अफसर मानने को तैयार नहीं हुई। थोड़ी देर दोनों के बीच हुई नोकझोंक के बाद पैरवी को पहुंची महिला अफसर तमतमाती हुई कमरे से बाहर आ गईं।