देहरादून। बाजार चौकी पुलिस ने जीएमएस रोड पर एक खाली गोदाम में फर्जी तरीके से शराब ठेका चलाने का भंडाफोड़ किया है। सेल्समैन तो पकड़ा गया, लेकिन तस्कर भागने में सफल हो गया। यहां से पुलिस ने अंग्रेजी शराब की आठ पेटियां बरामद की हैं। तस्कर की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।
पटेलनगर पुलिस को शुक्रवार रात खबर मिली थी कि जीएमएस रोड पर एक व्यक्ति अंग्रेजी शराब बेच रहा है। पुष्टि कराने के बाद चौकी प्रभारी नवीन जोशी ने पुलिस टीम के साथ छापा मारा। मौके से शराब बेचते हुए दीपू कुमार निवासी लालपुर सिरसा हरदोई को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी भागने में सफल हो गया। दीपू के पास से अंग्रेजी शराब की आठ पेटियां बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह शराब द्रोणपुरी निवासी सरोज की है। दीपू कमीशन पर शराब बेचता है। पव्वे पर दो और बोतल पर उसे दस रुपये मिलते थे। चौकी प्रभारी जोशी ने बताया कि आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया गया। फरार तस्कर की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बरेली से लाई गई स्मैक समेत दो गिरफ्तार
देहरादून। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने रिंग रोड पर चेकिंग के दौरान राजीव कुमार निवासी लक्ष्मीपुर और वरुण सिंह निवासी वाणी विहार को 20 ग्राम स्मैक समेत दबोचा है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद स्मैक बरेली बस अड्डे पर रवि नाम के शख्स से खरीदी थी। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।