देहरादून। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने शनिवार को कैंप कार्यालय में डेयरी विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान डीएम ने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने को सहकारी समितियां बनाने के दिशा निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि चकराता, कालसी में सहकारी समितियां बनायी जाएं। दुग्ध उत्पादों की डोर टू डोर बिक्री कर लाभांश बढ़ाने, दुग्ध पदार्थों की खाद्य अभिहीत अधिकारी के सहयोग से बैरियर पर जांच की जाए। पशु आहार, दुग्ध विक्रय एवं विभिन्न दुग्ध उत्पादक, संघों के सदस्यों की समस्याओं, पशु पोषण, पशु आहार परिवहन केसाथ ही पौष्टिकता, पैकिंग व गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए। गंगा गाय योजना के तहत महिला सदस्यों को बैंकों के जरिये भी ऋण अनुदान सुनिश्चित कराएं। इसके अलावा विभिन्न उत्पादन संघों को एनआरएलएम से जोड़ने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी जीएस रावत को दिए। सहायक निदेशक डेयरी अनुराग मिश्र ने बताया कि एससीपी टीएसपी के तहत लाभार्थियों को लाभांश दिया जाएगा। बैठक में डेयरी विकास विभाग के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।