कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कुल्हाल में पांवटा साहिब हिमाचल प्रदेश निवासी एक युवक ने पारिवारिक झगड़े से तंग आकर शक्ति नहर में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया। लेकिन देखते ही देखते युवक आंखों से ओझल हो गया। पुलिस ने युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान भी चलाया। लेकिन नहर के तेज बहाव और गंदा पानी आने के कारण पुलिस को अभियान चलाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार सुमित(26) पुत्र राजकुमार निवासी तारूवाला पांवटा साहिब का शनिवार को घर में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। जिसके बाद वह सीधे कुल्हाल बॉर्डर को पार कर उत्तराखंड की सीमा में आ गया। पीछे-पीछे उसके दो परिजन भी उसकी निगरानी करते हुए आ रहे थे। लेकिन जब तक परिजन उसे रोक पाते उसने कुल्हाल पुल के पास नहर में छलांग लगा दी। एसएसआई गिरीश नेगी ने बताया कि रविवार को फिर से युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
वारंटी दबोचा
विकासनगर। कोतवाली पुलिस ने अभियान चलाते हुए कोर्ट में पेश न होने पर सुमेर पुत्र ग्राम आदूवाला को धर दबोचा। उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवई की जा रही है। हरबर्टपुर चौकी प्रभारी किशन देवरानी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज है। कोर्ट में पेश न होने पर उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।