जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के स्नातक में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षाएं दो से 10 अगस्त तक ऑनलाइन मोड में शुरू हो रही हैं। कुलसचिव ने परीक्षा कार्यक्रम वेबसाइट पर भी उपलब्ध करा दिया है। इसके अलावा प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षाओं के लिए अभी कोई निर्णय नहीं हो पाया है।
कुलसचिव डॉ. जे कुमार ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा एक घंटे की होगी। यदि किसी विद्यार्थी को ऑनलाइन परीक्षा देने में कोई परेशानी होती है, तो वह ए-4 साइज के प्लेन पेपर में परीक्षा देकर अपनी पीडीएफ फाइल व्हाट्सएप के माध्यम से भी भेज सकता है।
इसके लिए विद्यार्थी को 15 मिनट को अतिरिक्त समय दिया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अच्छे मोबाइल, लेपटॉप व तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ स्थान सुनिश्चित करें, जिससे उन्हें ऑनलाइन परीक्षा देने में कोई परेशानी न हो। इधर, नए विद्यार्थियों की प्रवेश परीक्षा को लेकर डॉ. कुमार ने कहा कि सबकुछ ठीक ठाक रहा तो प्रवेश परीक्षा सितंबर में कराई जा सकती है।
कोर्ट में दायर याचिका पर आज होगी सुनवाई
ऑनलाइन परीक्षा को लेकर पंत विवि के विद्यार्थियों के परीक्षा न कराने और यूजीसी की गाइड लाइन के अनुसार फाइनल परीक्षा में अंक देने को लेकर नैनीताल हाईकोर्ट में दायर याचिका पर 31 जुलाई सुनवाई होनी है। इधर, छात्रों ने प्रदेश की राज्यपाल डॉ. बेबी रानी मौर्य से तो पूटा ने भी कुलपति को पत्र लिखकर परीक्षाएं न कराने का आग्रह किया है।