रनवे से लेकर टर्मिनल तक होगा विस्तार
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की इस परियोजना में एयरपोर्ट के रनवे, टर्मिनल भवन, एप्रन, टैक्सीवे और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। रनवे की लंबाई में 1,628 मीटर की बढ़ोतरी होगी। इससे बड़े विमानों के संचालन के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी।
एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल भी 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा। इसके लिए 8,500 वर्ग मीटर का नया निर्माण किया जाएगा। वहीं, विमानों की पार्किंग के लिए एप्रन की क्षमता दो से बढ़ाकर सात पार्किंग स्थलों की होगी। टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या भी एक-एक से बढ़ाकर दो-दो की जाएगी।
विस्तार के बाद एयरपोर्ट की सालाना यात्री प्रबंधन क्षमता करीब 10.1 लाख हो जाएगी। इससे कुमाऊं क्षेत्र में हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने में मदद मिलेगी। साथ ही भविष्य में यात्रियों की जरूरतों के अनुसार सुविधाएं विकसित हो सकेंगी।
321.48 हेक्टेयर में होगा एयरपोर्ट का विस्तार, किसी परिवार को नहीं करना पड़ेगा विस्थापन
विस्तार के बाद पंतनगर एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल करीब 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसमें मौजूदा एयरपोर्ट की 109.017 हेक्टेयर भूमि के साथ 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि शामिल होगी। परियोजना के लिए समतल कृषि और खुली भूमि का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए किसी भी परिवार को विस्थापित या पुनर्वासित नहीं करना पड़ेगा।
पर्यावरण संरक्षण और पानी के दोबारा इस्तेमाल पर जोर
परियोजना में पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा गया है। एयरपोर्ट को बिजली की अनुमानित जरूरत 1.6 मेगावाट और पानी की दैनिक आवश्यकता 154 किलोलीटर होगी। यहां रोजाना करीब 136 किलोलीटर गंदा पानी निकलने का अनुमान है। इसके शोधन के लिए 165 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) लगाया जाएगा। शोधित पानी का इस्तेमाल फ्लशिंग और बागवानी जैसे कामों में किया जाएगा। इसके अलावा 72 किलोवाट क्षमता का नया सौर ऊर्जा संयंत्र लगाया जाएगा। इससे एयरपोर्ट की कुल सौर ऊर्जा क्षमता 160 किलोवाट से बढ़कर 232 किलोवाट हो जाएगी। मौजूदा डीजी सेटों के अलावा 1,010 केवीए क्षमता के तीन नए डीजी सेट भी लगाए जाएंगे।एयरपोर्ट परिसर में अभी 48.19 हेक्टेयर हरित क्षेत्र है। इसके अलावा करीब पांच हेक्टेयर नया हरित क्षेत्र विकसित करने की योजना है।
पर्यावरणीय पहलुओं की जांच के बाद मिली मंजूरी
परियोजना को राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव मूल्यांकन समिति (SCEIA) की संस्तुति के आधार पर पर्यावरणीय मंजूरी दी गई है। समिति ने 7 अक्टूबर और 3 नवंबर 2026 को हुई बैठकों में परियोजना का परीक्षण किया। 3 नवंबर को देहरादून स्थित गौरा देवी पर्यावरण भवन में हुई बैठक में पर्यावरण प्रभाव आकलन रिपोर्ट, जन सुनवाई की कार्यवाही, पर्यावरण प्रबंधन योजना और परियोजना से पर्यावरण पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों की समीक्षा की गई। इसके बाद तय शर्तों के साथ मंजूरी देने की संस्तुति की गई। परियोजना के लिए 19 सितंबर 2025 को संदर्भ शर्तें (ToR) जारी की गई थीं। इसके बाद 10 मार्च 2026 को उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जन सुनवाई कराई गई। 29 जून 2026 को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने PARIVESH पोर्टल पर अंतिम पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) रिपोर्ट के साथ परियोजना का प्रस्ताव जमा किया था।
विमानन सुरक्षा और पर्यावरण के मानकों का करना होगा पालन
पर्यावरणीय मंजूरी के साथ विमानन सुरक्षा से जुड़ी शर्तें भी तय की गई हैं। निर्माण कार्य एयरपोर्ट के स्वीकृत लेआउट और संबंधित विमानन प्राधिकरणों की अनुमति के अनुसार ही करना होगा। निर्माण के दौरान इमारतों, लाइटों और क्रेनों की ऊंचाई विमानन सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों के अनुरूप रखनी होगी। चालू रनवे, टैक्सीवे और एप्रन के आसपास निर्माण करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि रनवे पर मलबा या कोई बाहरी वस्तु (FOD) न पहुंचे। इसके लिए जरूरी इंतजाम करने होंगे। पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार कुमाऊं क्षेत्र के लिए अहम साबित हो सकता है। इससे हवाई संपर्क बेहतर होने के साथ पर्यटन, औद्योगिक निवेश, व्यापार और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।