दुर्गा महोत्सव के लिए करनपुर स्थित बंगाली लाइब्रेरी सजी धजी नव दुर्गा की मूर्ति।
शारदीय नवरात्र में शुक्रवार से विभिन्न क्षेत्रों में दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ होगा। इसके लिए जगह-जगह पंडाल सज चुके हैं। महोत्सव में कहीं डांडिया तो कहीं गरबा नृत्य का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्थानीय से लेकर बाहरी राज्यों के कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। बंगाली समाज में इसको लेकर खासा उत्साह है।
बंगविधि-दुर्गा सोसाइटी सराफा बाजार धामावाला की ओर से 16वें दुर्गोत्सव का शुक्रवार से शुभारंभ होगा। बृहस्पतिवार को सचिव गणेश बेरा ने बताया कि इस पांच दिवसीय महोत्सव में सुबह-शाम देवी की आरती की जाएगी। वहीं इस बार शांति थीम पर भव्य पंडाल सजाया गया है।
वहीं बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में कोलकाता, दिल्ली, पटियाला आदि के कलाकारों की ओर से प्रस्तुति दी जाएगी। इस अवसर पर अध्यक्ष मेघनाथ मंडल, संतोष माने, उत्पल सामंत, निर्मल मंडल, नीलांजन चक्रवर्ती, शुभांकर मन्ना, सुरजीत बाग आदि मौजूद रहे।
दून घाटी मां दुर्गा सेवा समिति की ओर से बृहस्पतिवार को बल्लीवाला चौक स्थित कालिंदी एन्क्लेव पार्क में शरदोत्सव का शुभारंभ हुआ। समिति के अध्यक्ष रामपद जाना ने बताया कि कार्यक्रम पांच दिनों तक चलेगा। आठ अक्तूबर को मूर्ति का विसर्जन किया जाएगा। इस अवसर पर डीडी डालाकोटी, नीरज अग्रवाल, नंद किशोर, हरीश चंद्र झा, सुनील आहुजा, विजय अरोड़ा आदि मौजूद रहे।