पिथौरागढ़ जिले में करीब 22652 फीट की ऊंचाई पर स्थित पंचाचूली ग्लेशियर का हिस्सा टूटकर बलाती ग्लेशियर के ऊपर जा गिरा है।
ग्लेशियर का हिस्सा सोमवार तड़के 4.30 बजे टूट गया। बलाती ग्लेशियर से ही छोटी नदी मंदाकिनी निकलती है जो आगे चलकर गोरी नदी में मिल जाती है। इस हिमखंड के पिघलने पर मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई गई है।
इससे नदी के किनारे के हिस्सों में तबाही मच सकती है। एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने मंदाकिनी के किनारे स्थित सभी गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम को सूचना दे दी है।
यहां मिली सूचनाओं में कहा गया है कि सोमवार सुबह पंचाचूली ग्लेशियर का बड़ा हिस्सा टूट गया। इस इलाके में ट्रैकिंग पर जाने वालों का कहना है कि अब तक पंचाचूली में जमकर हिमपात नहीं हुआ है।