वीडियो में पांच उत्तराखंडी गीतों को सुव्यवस्थित तरीके से पिरोया गया है। ढोल, दमऊ, हुड़का, मशकबीन जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों का बखूबी गीत में प्रयोग किया गया है।
उत्तराखंड की प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर नूपुर पंत का यू ट्यूब पर प्रसारित पहाड़ी द फोक सॉन्ग ऑफ उत्तराखंड मैशअप वीडियो ने धमाल मचाया हुआ है। यह इंटरनेट पर काफी ट्रेंड कर रहा है।
विज्ञापन
वीडियो में पांच उत्तराखंडी गीतों को सुव्यवस्थित तरीके से पिरोया गया है। ढोल, दमऊ, हुड़का, मशकबीन जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों का बखूबी गीत में प्रयोग किया गया है। वीडियो का फिल्मांकन नैनीताल, भीमताल, नौकुचियाताल, भवाली, जागेश्वरधाम, कसार व अल्मोड़ा आदि स्थानों पर किया गया है। उनका यह नवीन प्रयोग आज की युवा पीढ़ी को उत्तराखंडी गीतों से परिचित कराने एवं उत्तराखंड के संगीत के प्रति आकर्षित करने का प्रयास है।
नूपुर कहती हैं कि वह उत्तराखंड के सभी प्रचलित गीतों को देश-दुनिया तक पहुंचाना चाहती है। उनके सभी भाषाओं के गाने उनके यू ट्यूब चैनल और सभी म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफार्म पर देखे-सुने जा सकते हैं।
नैनीताल की हैं नूपुर
नूपुर पंत नैनीताल की रहने वाली हैं। नैनीताल के सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल से 12 वीं तक की पढ़ाई की। उसके बाद उन्होंने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। जबकि एमए संगीत की डिग्री मुंबई विवि से प्राप्त की है। वह कई टीवी धारावाहिकों में टाइटल सॉन्ग गा चुकी हैं। करण जौहर व परिणीति चोपड़ा की फिल्म ‘हंसी तो फंसी’ के साथ ही कई मशहूर कलाकारों के साथ युगल और एकल गीत कर चुकी है। नूपुर पंत रघुबीर यादव, सीमा पाहवा व जेमी लीवर की फिल्म यात्रीज में पार्श्व गायक के रूप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी है। वह म्यूजिक इंडस्ट्रीज के साथ ही फिल्म, ओटीटी, सोशल मीडिया, लाइव शो और लाइव कंसर्ट आदि क्षेत्रों में कार्य कर चुकी है।