राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश सुंदरियाल ‘पहलवान’ ने अपने ही दल के नेताओं पर घुमा-फिराकर पार्टी को कमजोर करने का आरोप जड़ा।
पहलवान बोले कि अपना ही सोना खोटा है तभी तो पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में यह स्थिति झेलनी पड़ी है।
प्रदर्शन करने की चेतावनी
सुंदरियाल ने हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि कुछ नेता जाकर फैक्टरी मालिकों से पैसा खा लेते हैं। इसी वजह से मजदूर इंटक से कट गया है।
उन्होंने कहा कि अगर जरुरत पड़ी तो मजदूरों के हित के लिए वह अपने ही सरकार के मंत्रियों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर सकते हैं।
बताई कार्ययोजना
इसके बाद उन्होंने उड़ीसा, पंजाब आदि प्रांतों में संगठन के प्रयास से मजदूरों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में बताया। उन्होंने बताया कि संविदा मजदूरों को स्थायी करवाने के लिए इंटक संघर्ष छेड़ेगी। ट्रक ड्राइवरों का बीमा कराया जाएगा।
इस मौके पर सुंदरियाल ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि आपदा के वक्त वे गुजरातियों को बचाने की बात कर रहे थे। लेकिन कांग्रेस की निगाह में सब बराबर हैं।