विकासनगर। मेहूंवाला खालसा स्थित एक खेत में आग लगने से वहां इकट्ठा धान की फसल जलकर पूरी तरह से राख हो गई। पीड़ित काश्तकार ने तहसील प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार गांव में दौलत सिंह पुत्र गरीबा निवासी मेहूंवाला ने छह बीघा खेत में धान की फसल उगाई हुई थी। तीन दिन पहले उन्होंने फसल को कटान के बाद एक खेत में ढेर लगा कर रख दिया था। बुधवार दोपहर को खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में स्पार्किंग होने लगी। तारों से निकली चिंगारियों के चलते नीचे ढेर लगा कर रखी गई धान की फसल ने आग पकड़ ली। जब तक दमकल कर्मचारी मौके पर पहुंचते तब तक ज्यादातर धान की फसल पूरी तरह से जलकर राख हो गई थी। पीड़ित काश्तकार ने प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उधर, एसडीएम सौरभ असवाल ने बताया कि मामले में राजस्व उपनिरीक्षक को क्षति का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।