देहरादून। 11वीं और 12वीं के स्टूडेंट्स को 23 विषयों में मुफ्त और ऑनलाइन पढ़ने का मौका दिया गया है। नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एनसीईआरटी) ने स्वयं पोर्टल पर इन विषयों के पाठ्यक्रम अपलोड कर दिए हैं।
केंद्रीय विद्यालय संगठन ने सभी केवि में ऑनलाइन स्टडी मैटेरियल का प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। केविएस की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि एनसीईआरटी मैसिव ओपेन ऑनलाइन कोर्सेज (मूक) के तहत 11वीं और 12वीं के कुल 23 विषयों का पाठ्यक्रम जारी किया है। इसे कहीं भी बैठकर छात्र या शिक्षक मुफ्त इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, बायोलॉजी, केमिस्ट्री, इकोनोमिक्स, ज्योग्राफी, मैथ्स, फिजिक्स, साइकोलॉजी, फूड एंड न्यूट्रिशियन व सोशियोलॉजी जैसे विषय शामिल हैं। यह पाठ्यक्रम स्वयं पोर्टल पर देखे जा सकते हैं। केविएस ज्वाइंट कमिश्नर (एकेडमिक्स) पिया ठाकुर ने सभी केवि को इस बाबत पत्र भेजा है। इसमें ज्यादा से ज्यादा एनसीईआरटी मूक को प्रोत्साहित करने को कहा गया है।