अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने होटल, बार, पब और रेस्टोरेंट में भी औचक छापेमारी की। पुलिस ने देर रात तक खुले रहने वाले प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर गतिविधियों की जांच की।
शहर में देर रात तक अनावश्यक रूप से घूमने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक चलाया। 24 और 25 अक्तूबर की रात पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि संदिग्ध परिस्थितियों में देर रात घूम रहे 109 लोगों को पूछताछ और सत्यापन के लिए थाने लाया गया।
विज्ञापन
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने होटल, बार, पब और रेस्टोरेंट में भी औचक छापेमारी की। पुलिस ने देर रात तक खुले रहने वाले प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर गतिविधियों की जांच की। अभियान का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ रात के समय हुड़दंग करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना था।
पुलिस के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए 17 लोगों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत सीज किया गया। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 83 वाहन चालकों के चालान किए गए और 23 वाहनों को सीज किया गया। वहीं, विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने पर 97 लोगों के पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के लिए थाने लाए गए 109 लोगों का सत्यापन भी किया गया। यह अभियान एसएसपी के निर्देश पर अपराधियों और संदिग्धों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत किया गया। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित चेकिंग करने और रात के समय अनावश्यक रूप से घूमने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।