नदी में लापता हुए वृद्ध की तलाश में चलाए गए अभियान के दौरान मौजूद लोग।
- फोटो : VIKAS NAGAR
विकासनगर। चार दिन पूर्व हिमाचल प्रदेश से लापता हुए बुजुर्ग की तलाश में त्यूनी थाना पुलिस ने हेड़सू के पास टोंस नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। बुजुर्ग की तलाश में शुक्रवार को एक बार फिर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार टेक सिंह (75) पुत्र रण सिंह निवासी कासक हिमाचल प्रदेश चार दिन पूर्व घर से लापता हो गए थे। मामले में उसके परिजनों ने हिमाचल प्रदेश पुलिस में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार की शाम को कुछ लोगों ने उत्तराखंड की सीमा में हेड़सू गांव के पास उसके कपड़ों और जूतों को नदी किनारे देखा। इसके बाद से वृद्ध के नदी में डूबने की आशंका व्यक्त की जा रही है। थाना प्रभारी त्यूनी संदीप पंवार ने बताया कि सर्च ऑपरेशन में कोई सफलता नहीं मिली है। शुक्रवार को दुबारा से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।