मॉर्डन राजकीय इंटर कॉलेज डाकपत्थर में परीक्षा गार्द में शामिल कांस्टेबल राकेश कैंतुरा का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। मूल रूप से पाब गांव, जिला टिहरी निवासी सिपाही को आज (शुक्रवार) पुलिस लाइन में अंतिम विदाई दी जाएगी।
राकेश कैं तुरा वर्ष 2005 के आरक्षी थे। इनकी तैनाती फिलहाल विकासनगर कोतवाली में थी। लेकिन, एक माह के सीआर पर वह पुलिस लाइन में आए हुए थे। लाइन से उन्हें परीक्षा ड्यूटी की गार्द में मॉर्डन राजकीय इंटर कॉलेज डाकपत्थर भेजा गया था। रात में उन्हें सीने में दर्द उठा। दवा लेने के बाद वह सो गए। बृहस्पतिवार सुबह अचानक उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। 108 सेवा से पहले उन्हें लेहमन अस्पताल, हरबर्टपुर लाया गया। लेकिन, हालत गंभीर होने पर सिनर्जी अस्पताल देहरादून भेजा गया। डीआईजी अरुण मोहन जोशी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रमेंद्र डोभाल ने अस्पताल पहुंचकर उपचार में किसी तरह की कमी न आने की हिदायत दी। दोपहर में राकेश कैं तुरा का निधन हो गया। सिपाही इससे पहले आईआरबी प्रथम हरिद्वार में तैनात थे। पिछले वर्ष जुलाई में इनका स्थानांतरण देहरादून में हुआ था।