-जन-जन की सरकार अभियान के तहत अपने गांव में मिलेंगी बड़ी सुविधाएं
-विभागों के चक्कर काटने से आजादी, खुद सीएम धामी भी करेंगे निगरानी
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। बैंक में खाता खुलवाना हो या रोजगार पंजीकरण हो, निजी भूमि से पेड़ काटने की अनुमति हो या राशन कार्ड नवीनीकरण...सभी काम करने के लिए विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे बल्कि विभाग खुद आपके द्वार आएंगे। जन-जन की सरकार अभियान के तहत 23 विभाग अपनी तमाम सेवाएं देने पहुंचेंगे।
-
किस विभाग की कौन की सेवाएं मिलेंगी
राजस्व : स्थायी प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, हैसियत प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, ईडब्ल्यूएस, उत्तरजीवी, पारिवारिक सदस्यता प्रमाणपत्र, कृष्कों को राजस्व रिकॉर्ड की कॉपी, अविवादित मामलों में नामांतरण के लिए आवेदन पत्र जमा होंगे।
ग्राम्य विकास : मनरेगा के नवीन जॉबकार्ड जारी करना, अपडेट करना, पंजीकृत श्रमिकों का मोबाइल नंबर सॉफ्टवेयर में अपडेट करना, खाता संख्या ठीक करना, पीएम आवास योजना के वंचित पात्रों के आवेदन, लाभार्थियों को अन्य योजनाओं जैसे जल जीवन मिशन, उज्जवला, श्रमिक कार्ड आदि की सुविधा।
पंचायती राज विभाग : जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र, परिवार रजिस्टर में सदस्यों के नाम जोड़ने, हटाने का आवेदन, परिवार रजिस्टर की नकल के लिए आवेदन, सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए आवेदन आदि।
कृषि विभाग : केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के तहत कृषि उपकरण, उर्वरक के लिए आवेदन, पौध व बीज के लिए आवेदन, पॉलिहाउस के लिए आवेदन, फसल बीमा योजना के लिए आवेदन, पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों की समस्या का समाधान होगा।
समाज कल्याण : वृद्धावस्था पेंशन, विकलांग पेंशन, विधवा पेंशन आदि के अवेदन, तीलू रौतेली पेंशन, किसान, बौना पेंशन के अलावा छात्रवृत्तियों के आवेदन, अटल आवास योजना, विधवा पुनर्विवाह के लिए आवेदन7
-
ये भी काम होंगे
बिजली बिल, पानी बिल, सहकारिता, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, गृह विभाग के तहत शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण के आवेदन, चरित्र सत्यापन, किराएदार व नौकर का सत्यापन, बैंकिंग, सेवायोजन विभाग में पंजीकरण आदि की सुविधा भी मिलेगी।