- वित्त समिति की बैठक में प्रस्तावों को मंजूरी मिली
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि प्रस्तावों को मंजूरी मिलने से लेकर कार्य पूरा होने तक हर स्तर पर समय सीमा तय की जाए। साथ ही विभा अपनी परियोजनाओं की विभिन्न स्तरों पर नियमित रूप से निगरानी करें, जिससे निर्धारित समय पर काम पूरा हो सके।
वित्त समिति की बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि नंदा राजजात यात्रा से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। यात्रा शुरू होने से पहले सभी कार्य पूरा कर लिया जाएं।
रामनगर में मल्टी स्टोरी पार्किंग को मंजूरी
मुख्य सचिव बर्द्धन ने बैठक में पेयजल विभाग की लोहाघाट टाउन पंपिंग पेयजल योजना (कुल लागत 8444.67 लाख), रामनगर नैनीताल में मल्टीस्टोरी पार्किंग (कुल लागत 3857.64 लाख), टनकपुर में मीडिया सेंटर, गेस्ट हाउस और कम्युनिटी हॉल निर्माण (कुल लागत 1424.52 लाख) के प्रस्तावों को मंजूरी दी। रुद्रपुर में पीएसी बटालियन के लिए आरटीसी व 188 बैडेड बैरक (कुल लागत 1991.54 लाख) को भी स्वीकृति दी गई।
दून में साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निर्माण कार्य को भी हरी झंडी
वित्त समिति बैठक में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत नंदप्रयाग घाट-सुतोल- कनोल मोटर मार्ग का सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण का कार्य (लागत 1289.21 लाख) और देहरादून में साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (कुल लागत 3034.78 लाख) निर्माण कार्य को भी संस्तुति प्रदान की गई। इसके अलावा अमृत- दो के तहत विभिन्न स्थानीय निकायों में पेयजल, पार्क प्रस्तावों एवं जलाशय कायाकल्प आदि के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। मुख्य सचिव ने पार्क एवं जलाशयों के कायाकल्प पर विशेष ध्यान दिए जाने के भी निर्देश हैं। बैठक में सचिव शैलेश बगौली, श्रीधर बाबू अद्दांकी, विनोद कुमार सुमन, एसएन पांडेय आदि थे।