ग्राम पंचायत अष्टी में आयोजित सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम अधिकारियों की अनुपस्थिति की भेंट चढ़ गई। स्थिति यह हुई कि अधिकारियों के नहीं आने की सूचना मिलने से ग्रामीण भी अपनी शिकायत या समस्या लेकर कार्यक्रम में नहीं पहुंचे।
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी सरकार जनता के द्वार योजना के तहत ग्राम पंचायत अष्टी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम के प्रति अधिकारियों की उदासीनता साफ नजर आई। निर्धारित कुल 14 विभागों में से मात्र चार विभागों के अधिकारी ही पहुंचे।
उधर, अधिकारियों के नहीं आने की सूचना से ग्राम अष्टी के साथ जामुवा, तागड़ी व डाबरा से ग्रामीण भी अपनी शिकायत लेकर कार्यक्रम में नहीं आए। कुछ ग्रामीणों ने फेडूलानी से आरा अष्टी मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति, 14 साल पूर्व मुख्यमंत्री की घोषणा वाली अष्टी, जामुवा, तागड़ी मोटर मार्ग के न बनने व मजदूरी कार्ड की त्रुटियों आदि की समस्या रखनी चाही लेकिन संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों के मौजूद नहीं होने से चुप रह गए।
नोडल अधिकारी व उद्यान विभाग के एडीओ विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम से संबंधित सारी जानकारी जिलाधिकारी को दी जाएगी। इस दौरान ग्राम पंचायत अष्टी की प्रशासक पुष्पा तोमर, सबल सिंह तोमर, दीवान सिंह तोमर, जसपाल सिंह तोमर, आनंद सिंह तोमर, अमर सिंह, रणबीर सिंह आदि ग्रामीण मौजूद रहे।