ऑनलाइन गैस पंजीकरण (सिलेंडर की बुकिंग) सेवा शुरू हुई तो लगा अब एजेंसी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, लेकिन इसके उलट यह सेवा मुसीबत बन रही है। गैस बुक तो हो रही है, लेकिन कुछ दिन बाद अपने आप रद्द (कैंसिल) होने का संदेश मोबाइल पर आ जाता है।
ऐसे में न लोगों को समय पर सिलेंडर मिल पा रहा है और न ही दुबारा आसानी से पंजीकरण हो पा रहा है। व्यवस्था से अजीज आ चुके उपभोक्ता कहने लगे हैं कि इससे ठीक तो पहले की व्यवस्था ही थी। करनपुर निवासी केके भंडारी ने बताया कि उन्होंने नवंबर में दो बार ऑनलाइन गैस का पंजीकरण कराया था, दोनों बार अपने आप रद्द हो गया।
किसी तरह सिलेंडर का इंतजाम किया। अब दिसंबर महीने में चार दिन पहले गैस बुक कराई है, तब बुकिंग का मैसेज आया। लेकिन गैस मिलेगी या नहीं पता नहीं। कारगी निवासी बलबीर सिंह की भी ऐसी ही शिकायत है। उन्होंने 10 दिन पहले पंजीकरण कराया था, लेकिन एक हफ्ते बाद उन्हें पंजीकरण रद्द होने का संदेश मिला। दोबारा पंजीकरण कराने की कोशिश की, लेकिन हो नहीं सका।
एजेंसी से नहीं मिल रही मदद
परेशान उपभोक्ता गैस एजेंसी में पहुंचकर शिकायत कर रहे हैं, लेकिन एजेंसी संचालक ऑनलाइन सेवा होने के कारण हाथ खड़े कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि इसमें कंपनी की ओर से ही समाधान हो सकता है।
दिक्कत है तो यहां करें फोन
इंडियन ऑयल कारपोरेशन के प्रबंधक सेल्स धीरेंद्र कुमार का कहना है कि यह तकनीकी समस्या हो सकती है। इसे सही कराया जाएगा। अगर उपभोक्ताओं को दिक्कत आ रही है तो ग्राहक सेवा केंद्र (कस्टमर केयर सेल) देहरादून में फोन कर सकते हैं।
0135- 2644545 (सुबह दस से शाम पांच बजे तक)
टोल फ्री नंबर 18002333555