राजधानी देहरादून समेत राज्य के अन्य जिलों में प्याज एक सप्ताह और लोगाें को रुलाएगा। कारण कि प्याज के दाम अभी एक सप्ताह तक गिरने वाले नहीं है। वहीं निरंजनपुर मंडी में प्याज की आवक कम होने से प्याज के दाम बढ़ गए हैं।
मंडी समिति के अधिकारियों के मुताबिक पहले एक दिन में 250 टन प्याज की आवक थी, लेकिन अब 100 टन ही आ रही है। जिस वजह से प्याज के दाम कम नहीं हो पा रहे हैं। वहीं फुटकर में प्याज 75-80 रुपये किलो बेचा जा रहा है।
मंडी के निरीक्षक दिनेश पंवार के मुताबिक बुधवार को मंडी में प्याज के थोक दाम 5500 रुपये प्रति क्विंटल रहे। दो दिन पूर्व यह दाम छह हजार रुपये से अधिक पहुंच गए थे। निरीक्षक के मुताबिक फिलहाल महाराष्ट्र के नासिक, मध्य प्रदेश के इंदौर से प्याज की आपूर्ति हो रही है।