थाना पुलिस गोपेश्वर ने सघन चैकिंग के दौरान एक व्यक्ति को 18 किलोग्राम विस्फोटक के साथ गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस ने किसी भी आतंकी गतिविधि के होने से इंकार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति पर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गोपेश्वर नगर के समीप उन्हें एक व्यक्ति के पास भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक रखने की सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस अधीक्षक ने थाना गोपेश्वर के थानाध्यक्ष कुंदन राम के नेतृत्व में स्पेशल आपरेशन ग्रुप की संयुक्त टीम गठित कर चैकिंग के निर्देश दिये। जिसके बाद शनिवार को चैकिंग के दौरान चमोली-ऊखीमठ मोटर मार्ग पर ग्वाड़ गांव निवासी सत्यपाल सिंह के पास 18 किलोग्राम जिलेटिन बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा व्यक्ति से विस्फोटक से संबंधित कागजात मांगे जाने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया। जिसके बाद पुलिस ने बरामद मामल को सील कर व्यक्ति को गिरफ्तार कर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। जिसके बाद न्यायालय के आदेशों पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने बताया कि पुलिस को क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद क्षेत्र में की जा रही सघन चैकिंग के दौरान 18 किलोग्राम जिलेटिन बरामद की गई है। आरोपी व्यक्ति से पूछताछ की जा रही। विस्फोटक उपलब्ध कराने वाले लोगों की भी खोजबीन शुरु कर दी गई है। शीघ्र मामले में लिप्त अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। उन्होंने मामले में किसी भी आतंकी गतिविधि के होने से इंकार किया है।