- दूसरा बाइक चालक गंभीर रूप से घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। कोर्ट रोड पर ढकरानी के पास सोमवार को दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ढकरानी के वार्ड नंबर सात निवासी बाइक चालक अब्बास (26) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक चालक कालसी थाना क्षेत्र के निचिया गांव निवासी अंबरीश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायल हाल में विकासनगर स्थित डांडा कॉलोनी में रह रहा है।
कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि दोपहर करीब 11 बजे कोर्ट रोड पर दो बाइक की आपस में टक्कर की सूचना मिली। चौकी प्रभारी सनोज कुमार टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एक बाइक ढकरानी और दूसरी हरबर्टपुर की ओर से आ रही थी। दुर्घटना में बाइक चालक अब्बास की मौके पर ही मौत हो गई थी। दूसरे बाइक सवार को 108 इमरजेंसी एबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। घायल का धूलकोट स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल में उपचार चल रहा है। अब्बास पढ़ाई कर रहा था, उनके पिता मसाला व्यापारी हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि कालसी निवासी बाइक सवार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पीड़ित पक्षों की ओर से शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।