साइबर ठगों ने आईएमए में तैनात एक मेजर से ट्रेन का टिकट कन्फर्म करने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। मेजर की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंट प्रभारी इंस्पेक्टर विद्याभूषण नेगी ने बताया कि मेजर अनुज यादव आईएमए में मेजर के पद पर तैनात हैं। उन्हें दून से कहीं बाहर जाना था। इसके लिए उन्होंने टिकट बुक कराई थी। टिकट बुक कराने के बाद मेजर ने टिकट कन्फर्म कराने के लिए टोल फ्री नंबर पर कॉल किया। इसके बाद उन्हें एक फोन आया। फोन करने वाले ने उन्हें लिंक भेजकर डाउनलोड करने के लिए कहा। जैसे ही उन्होंने लिंक डाउनलोड किया, उनके खाते से डेढ़ लाख रुपये कट गए। मेजर ने इसकी शिकायत कैंट थाने में की है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।