क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र के सुभाषनगर चौक पर बृहस्पतिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार व्यक्ति कर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर के ट्रक ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार कर्मा (56 वर्ष) निवासी तिब्बतन कॉलोनी, गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना के कारण मौके पर लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही क्लेमेंटटाउन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेते हुए ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है। क्लेमेंटटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।