- मोबाइल, गेमिंग, जंक फूड और समय की बर्बादी से दूरी बनाने की कही बात
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। दशहरा पर्व अच्छाई की बुराई पर जीत का प्रतीक है। इसी संदेश को अपने जीवन में उतारने के लिए क्षेत्र के अलग-अलग स्कूलों के बच्चों ने भी अपनी कुछ खराब आदतें छोड़कर अच्छी आदतें अपनाने का संकल्प लिया।
दशहरे के मौके पर बच्चों से बातचीत में किसी ने मोबाइल पर रील देखने और गेम खेलने में लगने वाले समय को कम करने की बात कही तो किसी ने जंक फूड छोड़ने का संकल्प लिया। कई बच्चों ने नियमित पढ़ाई, समय पर सोने-जागने और खेलकूद के लिए समय निकालने की बात कही।
मोबाइल पर रील देखने में काफी समय खराब हो जाता है। अब स्क्रीन टाइम कम कर उस समय का इस्तेमाल पढ़ाई और किताबें पढ़ने में करूंगा। - विराज निगम , कक्षा- 7, एनफील्ड स्कूल
बाहर का जंक फूड खाने की आदत कम करूंगी। घर का पौष्टिक खाना खाने के साथ स्वास्थ्य पर ध्यान दूंगी, जिससे पढ़ाई में भी मन लगा रहे। - रीतिका वर्मा, कक्षा- 5, सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल
मोबाइल गेम खेलने में ज्यादा समय देता था। अब गेमिंग का समय सीमित कर मैदान में जाकर शारीरिक खेल खेलने का प्रयास करूंगा। - लव धीमान, कक्षा-12, सरस्वती विद्या मंदिर
टाइम टेबल बनाने के बाद भी उसका पालन नहीं कर पाता था। अब पढ़ाई, खेल और आराम के लिए तय समय का नियमित पालन करूंगा। - अनुज थपलियाल, कक्षा- 12 , द्रोणा पब्लिक स्कूल
देर रात तक जागने और सुबह देर से उठने की आदत बदलूंगा। समय पर सोने और सुबह जल्दी उठकर पढ़ाई करने की दिनचर्या अपनाऊंगा। - आदि नागवाल, कक्षा- 6 , सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल