देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। अफसर केवल बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें।
यह बात सीएम धामी ने अतिवृष्टि, मानसून की स्थिति, चारधाम यात्रा, डेंगू की रोकथाम तथा आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान प्रत्येक अधिकारी को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड में रहना होगा। मानसून के दौरान सभी पुलों का सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिया।
कहा कि जिन पुलों की स्थिति कमजोर है, वहां तत्काल आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आस्था और अर्थव्यवस्था दोनों से जुड़ी है। इसलिए यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवाजाही, चिकित्सा सुविधाएं, यातायात प्रबंधन में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
डेंगू की रोकथाम की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों तथा ग्राम पंचायतों को युद्धस्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए।