देहरादून। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने समग्र शिक्षा परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी पर कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, समय पर कार्य पूरे न होने पर कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने अधूरे 625 निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
रावत ने शिक्षा महानिदेशालय में समग्र शिक्षा की बैठक में वित्त वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक स्वीकृत सभी निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि समय पर कार्य पूर्ण न करने या गुणवत्ता में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई होगी। ऐसे में कार्यदायी संस्थाओं से निर्माण कार्य वापस ले लिए जाएंगे। वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 में प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा के लिए 1367 निर्माण कार्य स्वीकृत हुए थे। इनमें से 625 कार्य अभी भी अधूरे हैं।
मंत्री ने इन कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की। उन्होंने हर सप्ताह महानिदेशालय को रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। रावत ने 120 निर्माण कार्यों के शुरू न होने पर नाराजगी जताई।