श्री देव भूमि इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन साईंस एंड टैक्नोलॉजी, पौंधा में शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह व लैंप लाइटिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेदांता गुरुग्राम के नर्सिंग निदेशक विनोद कृष्णनकुट्टी ने बतौर मुख्य अतिथि किया। उन्होंने छात्राओं को अपने पेशे को ईमानदारी और सहानुभूति के साथ अपनाने की शपथ दिलाई।
विनोद कृष्णनकुट्टी ने छात्रों को लैंप लाइटिंग सेरेमनी की जानकारी दी। कहा, नर्सिंग एक गरिमापूर्ण क्षेत्र है, जहां न सिर्फ रोगियों की देखभाल की जाती है। बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में लोगों को स्वास्थ्य शिक्षा व अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की जाती हैं। नर्सिंग के क्षेत्र में सीखना कभी समाप्त नहीं होता है। तकनीक और चिकित्सा विज्ञान में निरंतर हो रहे बदलावों के साथ स्वयं अपडेट रखना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस क्षेत्र में रोजगार की भी बहुत संभावनाएं हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनुशासन, निरंतर अध्ययन और व्यवहारिक ज्ञान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। वहीं, बिजी जयाप्रदीप ने छात्र-छात्राओं को नर्सिंग पेशे में गुणवता, नैतिकता और सहानुभूति का संदेश दिया। कहा, अपने कार्य के प्रति सदैव ईमानदार रहें, टीमवर्क को अपनाएं और मरीजों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण रखें। नर्सिंग में अनुशासन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही नर्सिंग शपथ के महत्व को समझाते हुए बताया, यह शपथ उन्हें मानव सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। इस दौरान संस्थान में विभिन्न खेल स्पर्धाओं का भी आयोजन किया गया और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष श्रीनिवास नौटियाल, निदेशक डॉ. शिवानन्द पाटिल उप प्राचार्य राजेंद्र सिंह, हरजिंदर सिंह समेत शिक्षक व छात्र मौजूद रहे।