ग्रेड पे बढ़ाने के लिए आंदोलनरत नर्सें बृहस्पतिवार (आज) से हड़ताल पर जा रही हैं। नर्सों ने चेतावनी दी है कि ग्रेड पे की मांग पूरी होने तक वे हड़ताल पर रहेंगी। उन्हें चाहे जेल जाना पड़े, लेकिन वे सरकार से ग्रेड पे बढ़ाकर ही रहेंगी।
ग्रेड पे समेत विभिन्न मांगों पर राजकीय नर्सेज एसोसिएशन के बैनर पर प्रदेश भर की नर्स एक हफ्ते से आंदोलन कर रही हैं। पिछले तीन दिन से नर्सों ने सामूहिक छुट्टी लेकर काम बंद कर दिया था।
मंगलवार को ही स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी से वार्ता विफल रहने के बाद नर्सों ने दस सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय ले लिया था। बुधवार शाम सरकार की ओर से हड़ताल को प्रतिबंधित करने पर नर्सेज एसोसिएशन ने नर्सेज आवास में आपात बैठक की।
एसोसिएशन की प्रांतीय प्रवक्ता लक्ष्मी पुनेठा ने कहा कि नर्स दो साल से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रख रही हैं। सरकार नर्सों को हर बार झूठा आश्वासन देती है। इस बार नर्स ग्रेड पे बढ़ने पर ही हड़ताल समाप्त करेंगी।