बैंक की एप में आई गड़बड़ी को ठीक करने के लिए महिला ने इंटरनेट पर नंबर सर्च किया, लेकिन यह ठगों को जा लगा। ठगों ने महिला की मदद का झांसा देकर उनका खाता खाली कर दिया। महिला को कुल 75 हजार रुपये का चूना लगा दिया गया।
रायपुर थाने में महिला के पति की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले को लेकर लेकर रक्षा विहार, रायपुर रोड निवासी दिलीप सिंह पंवार मूल निवासी समाधि मट्ठ, मोल्थड़ी पुरोला, उत्तरकाशी ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तहरीर दी। कहा कि उनकी पत्नी संतोष मोबाइल में एसबीआई की योनो एप चलाना चाहती थीं। चलाने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च किया।
इंटरनेट पर कस्टमर केयर के नाम से नंबर लिखा हुआ था। महिला ने जैसे ही नंबर लगाया तो उधर से बोल रहे व्यक्ति ने खुद को एसबीआई का अधिकारी बताया। बातों ही बातों में मदद का झांसा दिया और उनसे क्विक सपोर्ट एप डाउनलोड कराने खाते का कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया। रायपुर थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया प्रकरण को अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। महिला के खाते से 75 हजार रुपये निकाले गए हैं।