अब शिवभक्त चमोली जिले में भी बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकेंगे। प्रशासन नीती घाटी के टिम्मरसैंण में बाबा बर्फानी की शीतकालीन यात्रा शुरू करने की योजना बना रहा है। अपर आयुक्त गढ़वाल (प्रशासन) हरक सिंह रावत ने इस संबंध में स्थानीय प्रशासन के साथ ही नीती घाटी के ग्रामीणों से चर्चा की। अपर आयुक्त ने टिम्मरसैंण में बाबा बर्फानी की गुफा का जायजा भी लिया।
जोशीमठ-नीती हाईवे पर नीती गांव से करीब एक किलोमीटर दूर टिम्मरसैंण में पहाड़ी पर एक गुफा स्थित है। यहां हर वर्ष मार्च माह में पहाड़ी से टपकने वाला पानी बर्फ बनकर शिवलिंग का आकार ले लेता है। स्थानीय ग्रामीण इसे भगवान शिव के रुप में पूजते हैं।
अपर आयुक्त ने कहा कि आगामी वर्ष से टिम्मरसैंण में बाबा बर्फानी की शीतकालीन यात्रा की योजना बनाई जा रही है। इसमें स्थानीय लोगों के साथ ही जिला प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा। इसका प्रस्ताव जल्द ही शासन को भेजा जाएगा। यात्रा में शामिल होने वाले यात्रियों के रात्रि प्रवास की व्यवस्था भी क्षेत्र में ही होम स्टे योजना से कराई जाएगी। इससे ग्रामीणों को रोजगार भी मिल सकेगा। यात्रा के आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना है।