मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सचिवालय, निदेशालयों, विभागों एवं कार्यालयों में स्वतंत्रता दिवस समारोह में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। इस संबंध में शासन ने नदारद 54 सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
सीएम रावत ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया था कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में बिना कारण और बिना किसी पूर्व सूचना के गायब रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का स्पष्टीकरण तलब किया जाए।
स्वतंत्रा दिवस से पहले तीन दिन की छुट्टी होने की वजह से कई अधिकारी और कर्मचारी परिवार सहित घूमने निकल गए थे।
कई अधिकारी और कर्मचारी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित समारोह में नहीं पहुंचे। इसकी जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने जिलाधिकारियों को भी जिला स्तर पर राष्ट्रीय पर्व समारोह में भाग न लेने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों से स्पस्टीकरण लेकर 24 घंटे में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सीएम ने कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है।
उन्होंने कहा कि इस पर्व पर एक स्वावलंबी और समृद्ध उत्तराखंड बनाने का संकल्प लिया गया है। जिन कर्मियों ने इस पर्व पर आयोजित समारोह में भाग नहीं लिया, उसे सरकार गंभीरता से लेगी। ऐसे कार्मिकों की एसीआर में प्रतिकूल टिप्पणी अंकित की जा सकती है। सीएम के निर्देश पर मुख्य सचिव एस. रामास्वामी ने बुधवार को सभी विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग नहीं लेने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब कर शासन को अवगत कराने का आदेश जारी कर दिया है।